आगरा में साढ़े तीन साल के लंबे इंतजार के बाद शहरवासियों को जाम से राहत की उम्मीद बंधाती अच्छी खबर मिली। शनिवार की शाम आईएसबीटी फ्लाईओवर की एक लेन पर यातायात शुरू हो गया। फ्लाईओवर की दूसरी लेन पर अभी फिनिशिंग का काम बाकी है। इस लेन के जनवरी के पहले सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है।
आगरा-मथुरा हाईवे पर आईएसबीटी पर फ्लाईओवर के कार्य का साढ़े तीन साल पहले तत्कालीन सांसद रामशंकर कठेरिया ने भूमि पूजन किया था। करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले फ्लाईओवर के कार्य पर पास में स्थित सलावत खां के मकबरे के चलते एएसआई ने आपत्ति लगाई। तकरीबन एक साल तक काम बंद रहा। वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान भी कार्य बाधित रहा। हालांकि इसके बाद से लगातार काम चल रहा था।
नवंबर में ही तैयार हो गए थे दोनों एप्रोच रोड
कार्यदायी संस्था ने आईएसबीटी फ्लाईओवर की दोनों एप्रोच रोड नवंबर में ही तैयार कर दी थी लेकिन मुख्य फाउंडेशन पर गर्डर शिफ्टिंग का काम किया जा रहा था। कानपुर से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन यानी खंदारी से सिकंदरा की ओर जाने वाली लेन का फाउंडेशन भी करीब एक माह पहले तैयार हो चुका था, लेकिन दूसरी लेन पर भारी मशीनों से कार्य के कारण इस लेन को नहीं खोला जा रहा था।