कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के नरौली गांव में शुक्रवार की रात्रि को ईंटों भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठा किशोर अचानक गिर गया और उसी ट्रैक्टर के पहियों की चपेट में आ गया। इससे बालक गंभीर घायल हो गया। उपचार के लिए जाते समय रास्ते में किशोर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हादसे का शिकार किशोर सतीश (14) पुत्र महेश निवासी नरौली हुआ। बताया गया कि गांव के ही ट्रैक्टर पर वह मजदूरी करने गया था। चालक महावीर ट्रैक्टर चला रहा था। जबकि राजेंद्र किशोर को ईंट ढुलाई की मजदूरी के लिए ले गया था। खुशहालपुर के ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर में ईंटें लादकर लाई जा रहीं थीं। तभी देर सायं ट्रैक्टर से अचानक किशोर गिर गया।
ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से उतर गया। वह बुरी तरह से घायल हो गया। उसको इलाज के लिए अलीगढ़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।