देश भर में शौचालयों को अब नए नाम से जाना जाएगा। यह फैसला सरकार ने लिया है। फैसले के बाद पंचायती राज निदेशक ने प्रदेश भर के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी जिला पंचायत राज अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शौचालयों पर 'इज्जतघर' लिखा जाए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत पूरे देश में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में शौचालयों के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय ने 16 अक्तूबर को पत्र लिखकर बताया है कि शौचालयों को अब इज्जत घर के नाम से जाना जाए।
मंत्रालय के निर्देश पर निदेशक पंचायती राज एवं मिशन निदेशक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वारा प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और समस्त पंचायत राज अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में निर्मित होने वाले शौचालयों को इज्जत घर का नाम दिया जाए। यहीं नहीं शौचालयों के निर्माण के बाद होने वाली यूनिकोडिंग के समय निर्मित शौचालयों पर इज्जत घर लिखवाया भी जाए।