आगरा में कोरोना वायरस का संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। शुक्रवार को 24 घंटे में 49 नए मरीज मिले हैं। यह आंकड़ा गुरुवार को मिले 15 मरीजों से तीन गुना से भी ज्यादा है। इसके अलावा जगदीशपुरा निवासी 69 वर्षीय मरीज की मौत हो गई है। जिले में यह 178वीं मौत है।
प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 6.30 लाख लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। इनमें 10788 संक्रमित पाए गए। कुल संक्रमितों में से 10437 मरीज ठीक हो गए हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 173 हो गई है। शहर में 36 से अधिक इलाकों में नए मरीज मिले हैं।
विश्वविद्यालय का कर्मचारी कोरोना संक्रमित
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित अतिथि गृह में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। गुरुवार को विश्वविद्यालय के 195 अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के नमूने लिए गए थे।
जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर ने बताया कि इनमें से अतिथि गृह में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अतिथि गृह के बाकी स्टाफ की शनिवार को जांच कराई जाएगी। अतिथि गृह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक और वित्त अधिकारी रहते हैं। कुलसचिव ने जांच के लिए नमूने दिए थे, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।