तिरंगा यात्रा निकाल कलश में एकत्रित की माटी और चावल
- मंगलपुर में विधायक ने किया अंत्येष्टि स्थल का शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। विकासखंड जागीर क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंगलपुर में शनिवार को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कलश में माटी और चावल एकत्रित किए गए। स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा ग्राम पंचायत में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भक्ति गीत गाकर देश के अमर शहीदों को याद किया गया।
हाथ में कलश लेकर भोगांव विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री राम नरेश अग्निहोत्री, ब्लाक प्रमुख जागीर मनेश सिंह चौहान बीडीओ जागीर दिनेश चंद्र मिश्रा ने घर-घर जाकर एक चुटकी माटी व एक चुटकी चावल एकत्रित किए। कलश यात्रा का शुभारंभ गांव के प्राचीन हनुमान मंदिर से किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि रामनरेश अग्निहोत्री ने सरकार के इस फैसले की सराहना की गांव-गांव में जो तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है उससे आगे की पीढ़ियों में देश के प्रति देशभक्ति की भावना जागृत होगी। कलश यात्रा के बाद गांव मंगलपुर में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान द्वारा अंत्येष्टि स्थल का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम पहुंचने पर सभी अतिथियों का आयोजक द्वारा स्वागत सम्मान किया गया।
इस मौके पर विशंभर तिवारी, उमेश मिश्रा, उपेंद्र कुमार ग्राम प्रधान, अमित कुमार सचिव, विमल शुक्ला, शिवकुमार मिश्रा, कमलेंद्र प्रताप, केके दुबे, विष्णु मिश्रा, गांधी मिश्रा मौजूद रहे।