लखनऊ के लिए रेल सुविधा नहीं होने से लोग परेशान
-कई बार की मांग लेकिन नहीं मिल सकी ट्रेन
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले में लखनऊ के लिए सीधी रेल सेवा के लिए वर्षों से मांग उठती रही है। लेकिन आज तक जिले के लोगोंं की यह मांग पूरी नहीं हो सकी है। जिले के लोगों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री को पत्र भेज लखनऊ के लिए रेल सेवा शुरू किए जाने की मांग की है।
लखनऊ जाने के लिए जिले के लोगों को इटावा, शिकोहाबाद और कानपुर जाना पड़ता है। पिछले कई साल से जिले के व्यापारी, किसान, नेता और छात्र लखनऊ के लिए रेल सुविधा की मांग करते आए हैं। लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। लखनऊ के लिए सीधे ट्रेन सुविधा न होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पूर्व प्रधानाचार्य हरप्रसाद यादव का कहना है कि जनपद के लोगों को प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बड़ा लगाव है। कर्मचारियों को धरना, प्रदर्शन आंदोलन के लिए लखनऊ आना जाना रहता है। वहीं राजनेताओं से मिलने के लिए भी जिले किसान नौजवान आदि को लखनऊ जाना पड़ता है। कई छात्र-छात्राएं लखनऊ से शिक्षा भी ग्रहण कर रहे हैं। लेकिन प्रदेश की राजधानी के लिए जिले से कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध न होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
व्यापारी नेता वोट सिंह का कहना है कि व्यापार की दृष्टि से भी जिले के व्यापारियों को लखनऊ आना जाना रहता है। लेकिन सीधी रेल सुविधा न होने के कारण लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। जिले के लोगों ने प्रधानमंत्री को पत्र भेज मैनपुरी से लखनऊ के लिए रेल सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।