फिरोजाबाद के नगला सिंघी क्षेत्र में 14 साल की किशोरी को गांव के तीन युवकों ने अगवा कर लिया। उसे नशीला पदार्थ खिलाकर जंगल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन किशोरी जंगल में बेहोशी की हालत में मिली। आरोप है कि पुलिस ने मामले को दबाने का प्रयास किया। पीड़ित पक्ष का वीडियो वायरल होने के बाद तीनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक थाना नगला सिंघी क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी गुरुवार को दीपोत्सव पर अपने घर के बाहर दीपक जला रही थी। तभी वहां गांव के ही तीन युवक पहुंच गए। उसका मुंह दबाकर उसे अगवा कर ले गए। जंगल में ले जाकर उसे नशीला पदार्थ खिला दिया।
किशोरी के बेहोश होने पर तीनों युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इधर, किशोरी के लापता होने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता न चला। इस बीच परिजनों को गांव के ही युवकों द्वारा बाइक पर बैठाकर ले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई।