फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात गांव इंदुमई के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र व उनके रिश्तेदार की मौत हो गई। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। सूचना मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। रविवार को पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पचोखरा थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर जारखी निवासी राजकुमार (60) अपने 18 वर्षीय पुत्र सुखवीर और साले कृपाल सिंह (45) निवासी अतिकुल्लाहपुर थाना मैनपुरी के साथ बाइक से मैनपुरी जा रहे थे। बाइक सवार तीनों लोग रात करीब नौ बजे मक्खनपुर थाना क्षेत्र के इंदुमई गांव के समीप पहुंचे थे।
परिवारों में मचा कोहराम
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सुखवीर और कृपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजकुमार गंभीर रुप से घायल हुआ। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के साथ ही मामा-भांजे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, इस दुखद हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया और वह देर रात जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।