मथुरा के कोसीकलां में शनिवार को हुए हादसे में दिल्ली के युवक और दो महिलाओं की मौत हो गई। तीनों के एक ही परिवार में के बताए जा रहे हैं। मरने वाली महिलाएं बहनें थीं। तीनों ही शनि दर्शन के लिए कोसीकलां आए थे।
बताया गया है कि ओखला फेज वन दिल्ली के रहने वाले सचिन (24) पुत्र सियाराम, लीला (28) पत्नी रामविलास और शीला (24) पत्नी जीतू कोसीकलां स्थित शनिधाम में शनिवार को दर्शन के लिए आए थे। तीनों एक ही बाइक पर दिल्ली से कोसीकलां आए।
दोपहर में दर्शन के बाद तीनों बाइक से ही वापस दिल्ली लौट रहे थे। बताया गया है कि कोसीकलां में कोटवन बॉर्डर पर उनकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में सचिन, लीला और शीला गंभीर रूप से घायल हुईं।
मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को अस्पताल ले जाने लगी लेकिन तीनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर ट्रक कब्जे में कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।