आगरा। श्रीपारस हॉस्पिटल में मरीजों की मौत के मामले में तीन और पीड़ितों के प्रार्थनापत्र सोमवार को कोर्ट में दाखिल किए गए। इनकी सुनवाई के लिए नौ अगस्त की तारीख नियत की गई है। प्रार्थनापत्र में अस्पताल संचालक और कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की मांग की गई है।
अधिवक्ताओं के पैनल में शामिल एवं पूर्व एडीजीसी योगेश लवानिया ने बताया कि उनके पास अब तक पांच पीड़ित आ चुके हैं। इनमें से सोमवार को तीन पीड़ित के प्रार्थनापत्र दाखिल किए गए। मैनपुरी के बेवर निवासी राजीव शर्मा की पत्नी सीमा शर्मा, मैनपुरी के ही दूरबीन सिंह के बेटे सनोज (26) और मालवीय कुंज निवासी गीतिमा ग्रोवर की ननद की मृत्य हुई थी। पीड़ितों का आरोप है कि ऑक्सीजन बंद करने की वजह से अपनों की जान चली गई। हॉस्पिटल प्रशासन के खिलाफ पुलिस से शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हुई। इस पर कोर्ट की शरण ली है। प्रार्थनापत्र पर सुनवाई के लिए नौ अगस्त की तिथि नियत की गई है। युवा अधिवक्ता संघ के मंडल अध्यक्ष नितिन वर्मा ने बताया कि अधिवक्ता काफी समय से पीड़ितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। पुलिस से शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हो रही है। इस पर कोर्ट की शरण लेनी पड़ रही है।