कोरोना की तीसरी लहर डेढ़ महीने में आने की आशंका है। इसको लेकर तैयारियां अधूरी हैं। बच्चों के लिए जिला अस्पताल और सीएचसी में वार्ड अभी तैयार नहीं हैं। बेड लगा दिए गए हैं लेकिन जीवनरक्षक उपकरण नहीं लगे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट का काम भी धीमा चल रहा है। वार्ड से कनेक्टविटी भी नहीं की गई है।
जिला अस्पताल, सीएचसी पर नहीं तैयार हुए आइसोलेशन वार्ड
जिला अस्पताल में 60 बेड और खंदौली, बरौली अहीर, सैंया और बाह सीएचसी में 10-10 बेड के आइसोलेशन वार्ड अधूरे हैं। बेड और वेंटीलेटर की व्यवस्था नहीं हुई है। हालांकि एसएन में 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार हो गया है, 50 बेड के पीआईसीयू में 15 वेंटीलेटर और पांच एचएफएनसी लगा दिए हैं। प्रभारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि पांच वेंटीलेटर और खरीदे जा रहे हैं, आर्डर दे दिया है।
एसएन कॉलेज और जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट अधूरा
दूसरी लहर में ऑक्सीजन की मारामारी रही। ऐसे में एसएन कॉलेज में तीन और जिला अस्पताल में एक ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण हो रहा है। प्लांट तैयार होने का काम धीमा चल रहा है। अभी वार्ड से इनकी कनेक्टविटी भी नहीं हुई है।