मैनपुरी। राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण की तकनीकी विभाग की टीम ने सोमवार को जिला अस्पताल और सौ शैया अस्पताल पहुंचकर ऑक्सीजन प्लांट की जांच की। टीम के सदस्यों ने ऑक्सीजन की बेड तक सप्लाई क्षमता और आपूर्ति के बारे में भी जानकारी हासिल की।
सोमवार को सहायक अभियंता ज्ञान प्रकाश के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण की टीम पहले जिला अस्पताल पहुंची। यहां स्थापित ऑक्सीजन प्लांट की सप्लाई लाइन का निरीक्षण किया। अस्पताल के अंदर पहुंचकर ऑक्सीजन सप्लाई की मात्रा और क्षमता की जांच की। यहां तैनात कर्मचारी से भी प्लांट के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद टीम सौ शैया अस्पताल पहुंची। यहां टीम के सदस्यों ने ऑक्सीजन प्लांट से अस्पताल तक बिछाई गई लाइन की बारीकी से जांच की। टीम के सदस्यों ने प्लांट के नोडल अधिकारियों से भी जानकारी ली। सहायक अभियंता ने बताया कि उनकी टीम हर सप्ताह तकनीकी जांच के लिए प्लांट की लाइन और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करती रहेगी।