जैतपुर के नहटोली में बिजली के दो खम्भों को रौंद कर मकान की दीवार में घुसा ट्रक
- फोटो : samvad
बाह। जैतपुर के बाह कचौराघाट मार्ग स्थित नहटोली गांव के पास शनिवार रात 11 बजे बेकाबू ट्रक सड़क किनारे के बिजली के दो खंभे और ट्रांसफाॅर्मर को रौंदते हुए दीवार में जा घुसा। जिससे घर क्षतिग्रस्त हो गया। चीख-पुकार मचने पर इकट्ठे हुए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि खलासी भाग निकला। वहीं विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने से आसपास के इलाकों की बत्ती गुल हो गई है।
ट्रक नहटोली गांव में सड़क किनारे रामवीर के घर की दीवार से जा टकराया। टक्कर के बाद हुई धमाके की आवाज के साथ गांव की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने और तेज आवाज पर घरों से बाहर आए लोग मौके का नजारा देखकर सन्न रह गए। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। इस दौरान खलासी ट्रक से कूदकर भाग निकला। दीवार के साथ घर क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दिन में हादसा होता तो कई लोगों की जान जा सकती थी। बड़ा हादसा टलने से मौके पर पहुंची जैतपुर पुलिस ने भी राहत की सांस ली। जैतपुर के एसडीओ विनोद कुमार ने बताया कि लाइन को दुरुस्त कराया जा रहा है। हादसे को लेकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।