कासगंज/सोरोंजी। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर जिला विज्ञान क्लब के द्वारा विज्ञान महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन श्रीगणेश इंटर कालेज में किया गया। जिसमें बच्चों ने मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया। जिसमें बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं विज्ञान अभिभाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
विज्ञान महोत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने फीता काटकर एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बाल वैज्ञानिकों द्वारा लगाई गई विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों के द्वारा विज्ञान पर आधारित बनाए गए मॉडलों की सराहना की और उनमें प्रयुक्त विज्ञान के सिद्धांतों को जाना। विज्ञान मॉडलों में महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए डिजिटल करंट स्लीपर, आधुनिक कृषि यंत्र, हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रेशर सहित 60 मॉडल शामिल रहे। 20 विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने प्रतिभागिता की।
भारतीय वैज्ञानिकों पर आधारित पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता और विज्ञान और भाषण प्रतियोगिता में भी बच्चों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला विज्ञान क्लब समन्वयक जयंत गुप्ता ने विज्ञान क्लब की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। संचालन राजबहादुर ने किया। इस दौरान एनसीसी प्रभारी कैप्टन आलोक दुबे, सह समन्वय अभिषेक पांडेय, नोडल समन्वय अभिषेक शर्मा, शीतल, विद्योत्मा पांडेय, विमल सिंह, जिज्ञासु सक्सेना, भूपेंद्र, टीए जाफरी, सलीम जावेद, करण सिंह, केपी सिंह, दीपराज माहेश्वरी, अमित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
सोरोंजी के कस्तूरबा गांधी विद्यालय हिमायूंपुर की छात्राओं ने विज्ञान के विभिन्न मॉडल बनाकर प्रस्तुत किए। वार्डन गुंजन शर्मा ने कहा कि मानव जीवन की उन्नति का सशक्त माध्यम भी विज्ञान है। छात्राओं ने सौर ऊर्जा, रेशम कीट का जीवन वृत्त, मनुष्य का किडनी यूरिन सिस्टम, मानव रूधिर कोशिकाएं, आसवन विधि आदि के मॉडल बनाकर प्रदर्शित किए। इस दौरान ग्राम प्रधान मनोज शर्मा, माधुरी भारद्वाज, सरिता शाक्य, करिश्मा राजपूत, रूबी, सुमित, अमित मिश्रा, स्वाति सिंह ने बच्चों के कार्य की सराहना की।