कासगंज। ढोलना के ग्राम राजपुर से तीन दिन पूर्व लापता हुए बालक का अभी तक सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिजन चिंतित हैं। एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बालक की तलाश के लिए टीन टीमों का गठन किया है। टीमों के द्वारा बालक की तलाश के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। राजपुर निवासी गुलीचंद का पुत्र सुरजीत (6) शनिवार को अपने घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। बालक के न मिलने पर परिजन ने कोतवाली में अपहरण का मामला दर्ज करा दिया।
तीन दिन बाद भी बालक के न मिलने से परिजन काफी चिंतित नजर आ रहे हैं। एसपी ने बालक के लापता मामले को गंभीरता से लिया है। बालक की बरामदगी के लिए सर्विलांस व एसओजी को लगाया गया है। इसके साथ ही कोतवाली की एक टीम भी बनाई गई है। कोतवाली प्रभारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि बालक की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई गई है। इन टीमों के द्वारा बालक की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही पुलिस बालक की सकुशल बरामदगी की जाएगी।