मैनपुरी।पालिका प्रशासन नगर की सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दे रहा है। जगह-जगह जलभराव और गंदगी फैली हुई है। नगर के मोहल्ला राजीव गांधी नगर और नगला रते में जलभराव और गंदगी के कारण डेंगू फैलने की संभावना बढ़ गई है। पालिका की अनदेखी को लेकर मोहल्ले के लोग आक्रोशित हैं। लोगों ने नगर पालिका से जलभराव से मुक्ति दिलाने और डेंगू से बचाव के इंतजाम किए जाने की मांग की है।
----
केस नंबर-एक
मोहल्ला- राजीव गांधी नगर
इस मोहल्ले में कई जगह पानी की निकासी की व्यवस्था न होने क कारण जलभराव है। जिससे यहां मच्छर पनप रहे हैं। मोहल्ले में पिछली साल भी डेंगू के मरीज पाए गए थे। डेंगू से पीड़ित दो मरीजों की मौत भी हुई थी। मोहल्ले में जलभराव की समस्या से कई बार नगर पालिका प्रशासन को अवगत कराया गया। सभासद निर्दोश यादव बताती हैं कि मोहल्ले में जलभराव और गंदगी के बारे में नगर पालिका को कई पत्र लिखे गए, लेकिन नगर पालिका प्रशासन मोहल्ले के लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे यहां संक्रामक बीमारियां फैलने की संभावना बढ़ती जा रही है।
------
मोहल्ले में कई जगह नालियां टूटी हुई हैं। जिससे जलभराव हो रहा है। कई स्थानों पर पानी निकासी के लिए नाला और नाली बनाई ही नहीं गई है। नगर पालिका प्रशासन को कई पत्र लिखे गए लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
महेश चंद्र, राजीव गांधी नगर
-----
मोहल्ले में जगह-जगह हुआ जलभराव गंदगी का कारण बन रहा है। पिछले साल भी यहां डेंगू और सामान्य बुखार के मरीज मिले थे लेकिन इसके बाद भी नगर पालिका प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
आलोक शर्मा, राजीव गांधी नगर
-----
केस नंबर-दो
मोहल्ला- नगला रते
इस मोहले में कई स्थानों पर जलभराव है। यहां कभी भी डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। मोहल्ले के लोगों के बार-बार शिकायत करने पर भी न तो पानी की निकासी की कोई व्यवस्था की गई है और न ही अभी तक दवा के छिड़काव के भी कोई इंतजाम किए गए हैं। मोहल्ले के लोग परेशान हैं कि कहीं नगर पालिका की अनदेखी उन पर भारी न पड़ जाए। मोहल्ले के लोगों की नगर पालिका प्रशासन से मांग है कि मोहल्ले में गह-जगह भर रहे पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए वहीं जहां से पानी नहीं निकाला जा सकता वहां दवा का छिड़काव कराया जाए।
-----
मोहल्ले में जलभराव और गंदगी के कारण लोग परेशान हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी मोहल्ले में जलभराव से बीमारियां फैलने की चेतावनी दी थी लेकिन इसके बाद भी नगर पालिका प्रशासन कोई रूचि नहीं ले रहा है।
जितेंद्र कुमार, नगला रते
----
मोहल्ले में जगह- जगह हुए जलभराव की निकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। नगर पालिका प्रशासन से कई बार शिकायत की गई। व्यक्तिगत भी मिला इसके बाद भी इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं। यहां कभी भी बीमारियां फैल सकती हैं।
अवनीश कुमार, नगला रते
------
जलभराव वाले इलाकों को चिह्नित कर वहां दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। कुछ स्थानों पर दवा का छिड़काव कराया गया है शेष स्थानों पर भी शीघ्र दवा का छिड़काव कराया जाएगा।
लालचंद भारती ईओ।
-----