फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शनिवार शाम को जारी कर दिया गया। कोरोना काल में परीक्षा न होने के कारण पहली बार परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों के साथ अभिभावकों में भी उत्सुकता नहीं दिखाई दी हालांकि कुछ स्कूलों ने संस्थान के मेधावी छात्रों को बुलाकर मिष्ठान खिलाकर उन्हें आगामी करियर के लिए बधाई दी।
गौरीशंकर इंटर कॉलेज में निर्देशक कृपाशंकर मिश्रा ने बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परिणाम शत प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट में तारा शंखवार ने 88.4 फीसदी अंक पाए जबकि हाईस्कूल में हर्षित प्रताप सिंह 91 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में सर्वश्रेष्ठ स्थान पर रहे। ब्रजराज सिंह इंटर कॉलेज में शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा। हाईस्कूल में प्रांशू सिंह ने 89. 33 अंक पाकर विद्यालय टॉप किया। इंटरमीडिएट में नवीन कुमार 86.8 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में अव्वल रहे। प्रधानाचार्य वीरी सिंह परमार ने खुशी जाहिर की। पंडित मुरारीलाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनोज गर्ग ने बताया कि इंटरमीडिएट में 85 प्रतिशत अंक और हाईस्कूल में 90 फीसदी अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। ब्रजराज सिंह गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्रा मुस्कान जैन ने इंटरमीडिएट में विद्यालय में प्रथम स्थान पाया। हाईस्कूल में अदिति कुशवाह अव्वल रहीं।
देर शाम तक डीआईओएस कार्यालय में नहीं पता चल सका डाटा
फिरोजाबाद। जनपद में कितने प्रतिशत रिजल्ट रहा। कौन टॉपर चुना गया। इसका डाटा डीआईओएस कार्यालय में देर शाम आठ बजे तक नहीं आ सका। वेबसाइट देर तक नहीं खुलने से डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद और अन्य लिपिक कार्यालय में बैठे रहे। बोर्ड के उच्चाधिकारियों से संपर्क साधते रहे। अन्य जनपदों के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया।
रिजल्ट से नाखुश दिखे तो कई परीक्षार्थी दिखे संतुष्ट
- छात्रा नीलू सिंह ने बताया कि कक्षा 12वीं में 85 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। मगर इन अंकों से मैं नाखुश हूं। पेपर में शामिल होने का मौका मिलता तो 90 प्रतिशत अंक आते। बोर्ड परीक्षा की तैयारी के संबंध में प्री-बोर्ड पर ध्यान नहीं दिया था।
- छात्रा सुगम उपाध्याय ने कहा कि 10वीं कक्षा में 89 प्रतिशत अंक पाकर असंतुष्ट हूं। उम्मीद से काफी कम नंबर आए हैं। परीक्षा पास करने के लिए खूब मेहनत की थी।
- छात्र प्रशांत कुमार ने बताया कि कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत अंक पाए हैं। रिजल्ट मेरे अनुसार ठीक है। इतना ही रिजल्ट आने की उम्मीद लगाई थी। मगर जो उत्साह था रिजल्ट को देखकर वह इस बार नहीं रहा।
- छात्रा नीलू कुमारी ने बताया कि कक्षा 10वीं में 90.5 फीसद अंक पाए हैं। बिना परीक्षा के रिजल्ट बनाना गलत है। पेपर होते तो मैं 95 फीसदी अंक हासिल करती। किस हिसाब से अंक निर्धारित किए हैं, यह समझ से परे है।
राजकीय हाईस्कूल के परीक्षार्थी किए अनुत्तीर्ण
फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड के इस बार रिजल्ट में कई गड़बड़ी सामने आई है। जनपद के राजकीय हाईस्कूल में अधिकांश बच्चें गणित विषय में फेल कर दिए हैं जबकि इस बार परीक्षाएं आयोजित नहीं हुई हैं। स्कूल से अच्छे अंक वेबसाइट पर अपलोड किए गए हैं। रिजल्ट घोषित होने के बाद शिक्षक और परीक्षार्थियों ने परीक्षा परिणाम देखा तो परेशान हो गए। अधिकांश विद्यार्थियों के गणित विषय में 17 तो किसी के 16 अंक थे। राजकीय हाईस्कूल सोंथरा के प्रधानाध्यापक रामपाल ने बताया कि परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी शामिल आई हैं। हम जिला विद्यालय निरीक्षक को अवगत करा रहे हैं।
यूपी बोर्ड जनपद में कुल संचालित विद्यालय- 566
हाईस्कूल में कुल पंजीकृत विद्यार्थी- 44,251
इंटरमीडिएट में कुल पंजीकृत विद्यार्थी- 38,418
कुल विद्यार्थियों की संख्या- 82, 669