मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के चांदेश्वर मार्ग पर ठेकेदार को एक युवक व साथियों ने जातिसूचक गालियां दीं। उसे गर्म सरिया से पीटकर घायल कर दिया। शनिवार को मामले में तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के नगला नया दीवानी रोड निवासी मनोज कुमार जाटव शादी समारोह में तंदूर लगाने का ठेका लेता है। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव एलाऊ निवासी हलवाई नितिन सक्सेना की मांग पर उसने गांव रतनपुर में तंदूर पर काम करने के लिए प्रदीप को भेजा था। किसी बात को लेकर हलवाई ने प्रदीप के साथ गाली-गलौज की। जिसके चलते वह काम छोड़ कर भाग गया। घटना वाले दिन 14 नवंबर को वह शहर के चांदेश्वर रोड पर काम कर रहा था। मनोज का आरोप है कि देर रात हलवाई नितिन अपने दो साथियों के साथ आया और जातिसूचक गालियां देते हुए कहा कि उसे ठेकेदारी करना सिखा देगा। पास में पड़ी गरम सरिया उठाकर उसको पीटने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाया। नितिन उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। तहरीर मिलने के बाद शनिवार को पुलिस ने एससीएसटी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।