रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े गए आगरा के संयुक्त शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) आरपी शर्मा के रिश्वत लेने के मामले में स्टेनो देवेंद्र सिंह की ऑडियो रिकाॅर्डिंग को विजिलेंस ने जांच का आधार बनाया है। पिछले एक सप्ताह से स्टेनो कार्यालय नहीं आ रहा है। विजिलेंस को भी उसके बयान दर्ज करने हैं। डीआईओएस और अन्य कर्मचारियों को विजिलेंस ने पूछताछ के लिए बुलाया।
एक सप्ताह का समय जेडी प्रकरण होने जा रहा है लेकिन अभी तक स्टेनो देवेंद्र सिंह नहीं मिल रहा। स्टेनो 16 अगस्त से अवकाश पर बताया जा रहा है और 17 अगस्त को विजिलेंस ने जेसी को गिरफ्तार किया था। प्रभारी डीआईओएस डॉ. मानवेंद्र के साथ कई कर्मचारियों को विजिलेंस ने पूछताछ के लिए बृहस्पतिवार को बुलाया था। इसे लेकर कर्मचारियों में हलचल मच गई।
विभाग में चर्चा है कि विजिलेंस की तरफ से जांच में सहयोग करने को कहा गया है। इसके अलावा कोई अन्य सवाल नहीं किया गया। कर्मचारियों में चर्चा है कि स्टेनो देवेंद्र सिंह जेडी की गिरफ्तारी के बाद से कार्यालय नहीं आ रहा है। उसकी तलाश विजिलेंस को भी है।
डीआईओएस कार्यालय में बंद रहे कर्मचारी
सिपाही भर्ती परीक्षा की वजह से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कर्मचारी शुक्रवार को बंद नजर आए। राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां पर डीआईओएस कार्यालय भी संचालित हो रहा है। सुबह के समय कर्मचारी कार्यालय के लिए पहुंचे, तो विद्यालय के गेट पर पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। आई कार्ड देखने के बाद कार्यालय के अंदर जाने दिया। कई कर्मचारियों को मोबाइल तक अंदर नहीं ले जाने दिए गए। कार्यालय में जाने के बाद परीक्षा समाप्त होने तक कर्मचारियों को कक्षों से बाहर नहीं निकलने दिया गया। इस वजह से कार्यालय में कोई काम भी नहीं हुआ।