स्टेडियम सीनियर्स और माही क्लब की टीम पहुंची फाइनल में
- स्पोर्ट्स एकेडमी और एबीआर क्लब को मिली पराजय
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के तहत आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में स्टेडियम सीनियर्स ने मैनपुरी स्पोर्ट्स एकेडमी को सात विकेट से पराजित किया। वहीं दूसरे मुकाबले में माही क्रिकेट क्लब ने एबीआर क्लब को आठ विकेट से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला मैनपुरी स्पोर्ट्स एकेडमी और स्टेडियम सीनियर्स के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर स्टेडियम सीनियर्स ने मैनपुरी स्पोर्ट्स एकेडमी को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मैनपुरी स्पोर्ट्स एकेडमी 15.2 ओवर में मात्र 65 रन ही बना सकी। अमन यादव 28 के अतिरिक्त एक भी खिलाड़ी दहाई के अंक को नहीं छू सका। स्टेडियम सीनियर्स के गेंदबाज सक्षम वर्मा ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेडियम सीनियर्स ने मात्र तीन विकेट खोकर 6.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। टीम की तरफ से अंगेश ने सर्वाधिक 20 रन बनाए, पियूष ने 13 और आदित्य ने 12 रन बनाए।
दूसरे मैच में एबीआर क्लब ने पहले खेलते हुए 19.1 ओवरों में मात्र 61 रन ही बना सकी। एबीआर के ऋषभ ने 16 रन बनाए। माही क्लब ने 2 विकेट के नुकसान पर मात्र 9.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। माही क्लब के अर्पित और आशीष ने नाबाद 22 और 16 रन बनाए। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी विजय कुमार सिंह, क्रिकेेट कोच सुनील कुमार, संजीव कुमार, इस्तिकार अहमद मौजूद रहे।