आगरा में धोखाधड़ी के आरोपी को छोड़ने के मामले में एसएसपी ने 24 घंटे में पूरी फाउंड्री नगर पुलिस चौकी का ही तबादला कर दिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बुधवार को चौकी प्रभारी और एक सिपाही को निलंबित और तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर किया था। इसके 24 घंटे में ही चौकी पर तैनात चार दरोगा और छह सिपाहियों को भी हटा दिया गया। उन्हें देहात के थानों में तैनात दी गई है।
ये है मामला
फाउंड्री नगर चौकी की पुलिस ने 15 दिन पहले धोखाधड़ी के एक आरोपी को पकड़ा था। बाद में उसे छोड़ दिया था। एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी को छोड़ने के पीछे लेन-देने की बात सामने आई थी। इस पर पुलिस ने आरोपी को दोबारा पकड़ा था। मामला एसएसपी के संज्ञान में आया। जांच में पुष्टि होने पर बुधवार को चौकी प्रभारी एसआई विवेक शर्मा और मुख्य आरक्षी अजब सिंह को निलंबित किया था। हालांकि निलंबन के आदेश में कारण कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और स्वेच्छाचारिता को बताया गया। सिपाही दुर्गेश कुमार, बिजेंद्र सिंह और मुख्य आरक्षी चालक अंशू यादव को लाइन हाजिर किया गया था। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी की जा रही है।