आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सत्र 2020-21 की विशेष और पुनर्परीक्षा नवंबर मध्य में संभव है। विशेष परीक्षा के लिए फॉर्म भरे जा चुके हैं। जबकि पुनर्परीक्षा के साथ श्रेणी सुधार के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया खोल दी गई है। दो नवंबर तक छात्र-छात्राएं परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।
विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति में निर्णय लिया गया है कि मुख्य परीक्षा में शामिल होने से रह गए छात्रों की विशेष परीक्षा के साथ ही पुनर्परीक्षा और श्रेणी सुधार कराई जाएगी। विशेष परीक्षा के लिए एक माह पूर्व ही परीक्षा फॉर्म भरवाए जा चुके हैं। पुर्नपरीक्षा और श्रेणी सुधार परीक्षा के लिए फॉर्म भरे जाने की प्रक्रिया 26 अक्तूबर से शुरू कर दी गई। परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव के मुताबिक परीक्षा समिति के निर्णय के अनुसार बीए, बीएससी, बीकॉम, बीकॉम वोकेशनल के द्वितीय एवं तृतीय वर्ष और एमए, एमकॉम, एमएससी अंतिम वर्ष की वार्षिक परीक्षा 2021 में फेल छात्र-छात्राएं किसी दो विषयों/प्रश्नपत्रों में पुनर्परीक्षा देने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
श्रेणी सुधार के लिए छात्र-छात्राएं किसी एक विषय/प्रश्नपत्र में परीक्षा देने के लिए फॉर्म भर सकते हैं। निर्धारित अवधि तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट या फिर संबंधित कॉलेज के माध्यम से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरना है। फॉर्म भरे जाने के बाद परीक्षा की तारीख घोषित कर दी जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की योजना नवंबर मध्य में परीक्षा कराने की है।