जिस मां ने जन्म दिया, बेटा उसी की जान का प्यासा बन गया। रात में मां की पिटाई करने के बाद धारदार हथियार से हमला बोल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए सरकारी ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
फिरोजाबाद में जमीन को लेकर हुए विवाद के दौरान बेटे ने मां की पिटाई कर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पिता पर भी आरोपी ने हमला बोलने का प्रयास किया। पीड़ित महिला ने कमरे में खुद को बंदकर अपनी जान बचाई। घायल महिला को पुलिस उपचार को अस्पताल लेकर आई। यहां उसको भर्ती कर लिया गया है।
विज्ञापन
यहां का है मामला
मामला सिरसागंज क्षेत्र के गांव आजमाबाद अरांव का है। यहां की रहने वाली सियादेवी की पिटाई बृहस्पतिवार रात उसके पुत्र ने कर दी। पुत्र ने महिला पर चाकू से हमला किया। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गई। पत्नी की चीख पुकार सुनकर पति फतेह सिंह बचाने को पहुंचे, तो आरोपी बेटे ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। फतेह सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। शोरगुल किए जाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। तब तक हमलावर मौके से भाग गया।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल महिला को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आई। पीड़ित फतेह सिंह का कहना है कि उसने कुछ दिन पूर्व एक जमीन का बैनामा कराया है। इसी बात को लेकर उसका पुत्र विवाद करता आ रहा है। थानाध्यक्ष सिरसागंज उदयवीर सिंह मलिक का कहना है कि मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित पक्ष तहरीर देगा तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।