फिरोजाबाद: जसराना बैंक का सीसीटी देखती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय स्टेट बैंक की शाखा जसराना से व्यापारी के रुपये जमा कराने आए मुनीम का बैग पार हो गया। बैग में तकरीबन छह लाख रुपये थे। बैग गायब होने की सूचना पर बैंक में हड़कंप मच गया। कस्बे के व्यापारी और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी फुटेज देखी तो उसमें एक किशोर बैग ले जाता नजर आया है। पुलिस किशोर की तलाश में जुट गई है।
बैंक में रुपये जमा करने गया था मुनीम
जसराना के मोहल्ला कोठीपुरा निवासी निशा गुप्ता पत्नी मुकेश गुप्ता की कस्बे के मुख्य चौराहे पर रोहित इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म है। यह फर्म हिंदुस्तान लीवर कंपनी के उत्पादों की बिक्री करती है। सोमवार को फर्म का मुनीम जीशान पुत्र साइन अख्तर निवासी मोहल्ला बेलमपुरी कस्बा जसराना 6,14,800 रुपये बैग में लेकर जसराना की भारतीय स्टेट बैंक में जमा कराने पहुंचा। उसने बैग को काउंटर पर रखा और कैशियर से बात करने लगा। इसी दौरान कोई उसका बैग पार कर ले गया। बैग के गायब होते ही मुनीम के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने घटना की जानकारी फर्म मालिक के साथ बैंक प्रबंधक को दी। सूचना पर फर्म मालिक के साथ क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह, कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया मय पुलिस फोर्स के बैंक पहुंच गए और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में एक किशोर एवं दो युवक वारदात को अंजाम देते नजर आए। मामले में निशा गुप्ता के जेठ अशोक कुमार गुप्ता ने थाना जसराना में तहरीर दी है।
खुलासे में लगी टीम
इस मामले में क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह का कहना है कि बैंक से व्यापारी का बैग पार किए जाने की वारदात संज्ञान में आई। खुलासे के लिए दो टीमें थाना स्तर पर बनाई गई है। वहीं सर्विलांस एवं एसओजी को भी लगाया गया है। व्यापारी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
आशीर्वाद पथ जनसभा: रालोद मुखिया जयंत चौधरी आगरा से करेंगे चुनाव का शंखनाद, 27 अक्तूबर को किरावली में सभा