फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ। इसी दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की युवती के सिर पर फावड़ा से प्रहार कर दिया, जिससे वह लहू-लुहान हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया।
नगला खंगर के गांव आटेपुर निवासी महेंद्र सिंह की पुत्री आरती (20) और पुत्र रामू (22) का गांव के ही शिवनाथ से मेड़ काटने को लेकर विवाद हो गया था। रामू ने बताया कि उसके खेत की मेड़ पड़ोसी खेत के मालिक शिवनाथ ने काट दी। जब पिता महेंद्र ने इसका विरोध किया तो दोनों में गाली गलौज हो गई।
इस दौरान दोनों पक्ष के लोग एकत्रित हो गए। आरोप है कि शिवनाथ पक्ष ने उनके साथ मारपीट की और उसकी बहन आरती के सिर पर फावड़ा मार दिया। जिससे उसका सिर फट गया। घटना के बाद पीड़ित थाना पहुंचे और पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने आरती और रामू का मेडिकल कराया है। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि झगड़े में भाई-बहिन जख्मी हो गए हैं। दोनों का मेडिकल कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जमीन विवाद में पिता के खिलाफ दी तहरीर
दूसरी घटना थाना नसीरपुर के गांव नंदराम की मढैया में हुई। प्रेमदास (35) पुत्र छेदालाल का आरोप है कि उसके पिता दूसरे भाई को जमीन दे रहे हैं, जबकि उसे और उसके छोटे भाई को कुछ नहीं दे रहे। इसका विरोध प्रेमदास ने किया तो पिता, भाई और भांजे ने साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित ने पिता, भाई सहित चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।