राज्य पुरस्कार जांच शिविर में परखी जा रही स्काउट गाइड की प्रतिभा
- जिला स्काउट गाइड प्रांगण में आयोजित हो रहा है पांच दिवसीय शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। प्रदेश संगठन आयुक्त स्काउट एवं गाइड के निर्देशन में जिला स्काउट गाइड प्रांगण में पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में जिले के विभिन्न स्कूलों के स्काउट और गाइड प्रशिक्षकों के सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। चयनित स्काउट और गाइड को राज्य पुरस्कार के लिए भेजा जाएगा।
जिला स्काउट गाइड प्रांगण में प्रादेशिक संगठन आयुक्त प्रीती की देखरेख में आयोजित शिविर में शनिवार को लीडर ऑफ द कोर्स गाइड कुसुम चौहान, सहायक प्रियंका गिरी, लीडर ऑफ द स्काउट सहायक उमेश चंद्र ने स्काउट गाइड से प्रार्थना, झंडा गीत, नियम आदि से संबंधित सवाल पूछे। जिला संगठन आयुक्त गाइड बेबी खुशनुमा, स्काउट सुनील सिंह, जिला प्रशिक्षण आयुक्त शमीम अहमद, सुनील द्विवेदी, रामपाल गिरि, रामखिलाड़ी वर्मा ने स्काउट गाइड प्रतिज्ञा, राष्ट्रगान, कंपास, नक्शा आदि से संंबंधित प्रश्नों के बारे में पूछताछ की।
पांच दिवसीय जांच शिविर के दौरान जिला मुख्यायुक्त डॉ. एके सिंह राठौर, जिला आयुक्त स्काउट डाॅ. पदम सिंह पदम, जिला आयुक्त गाइड सुमन यादव, जिला स्काउट गाइड सचिव डॉ. दिनेश यादव पूरी निगरानी रखे हुए हैं। जिला मुख्यायुक्त डॉ. एके सिंह राठौर ने बताया कि जांच शिविर से चयनित स्काउट और गाइड के नाम राज्य पुरस्कार के लिए भेजे जाएंगे।