मैनपुरी। दयानंद इंटर कॉलेज घिरोर में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर का शनिवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक रघुराज सिंह पाल ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्काउट गाइड का प्रशिक्षण जीवन में कठिनाइयों का सामना करने की शिक्षा देता है।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्काउट गाइड शिविर में छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए तंबू का निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं ने शिविर में बिना बर्तन के भोजन बनाए और अन्य गतिविधियों को प्रदर्शन भी किया। प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश कुमार ने स्काउट गाइड से कहा कि तीन दिन तक चलने वाले शिविर में उन लोगों ने जो जानकारियां हासिल की है उन्हें अपने व्यक्तिगत जीवन में भी उतारें।
प्रशिक्षिका कुसुम चौहान ने स्काउट और गाइड को तीन दिन चले शिविर के दौरान खोज चिन्हों के सहारे लक्ष्य तक पहुंचने, बिना बर्तन के भोजन बनाने, आपात स्थिति में पुल तैयार करने की जानकारी दी। प्रवीन कुमार ने स्काउट गाइड ध्वज शिष्टाचार आदि के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर अखिलेश वर्मा, डॉ. आर्येंद्र कुमार, रेखा यादव, अशोक झा, वेदराम यादव, अजय कुमार, नंद किशोर वर्मा, पवन कुमार, आदेश अवस्थी, दिनेश चंद्र, अरविंद कुमार, अवधेश भदौरिया, मनोज कुमार, दिलीप कुमार मौजूद रहे।