मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आगरा जिले में इस बार नौ जुलाई को 130 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। दुल्हन को 10 हजार रुपये के उपहारों में मोबाइल फोन भी दिया जाएगा। योजना में इस बार प्रत्येक जोड़े के विवाह के लिए 51 हजार रुपये की राशि आई है।
इस राशि में से 35 हजार रुपये दुल्हन के बैंक खाते में जमा होंगे। दस हजार रुपये के उपहार समाज कल्याण विभाग की ओर से दिए जाएंगे। उपहारों में दुल्हन के लिए एक मोबाइल भी होगा। छह हजार रुपये आयोजक को टेंट, बरात आदि की व्यवस्था के लिए देने होंगे।
नगर निगम ने 20 जोड़ों को चयनित किया है। जबकि जिले के 15 ब्लाकों में 110 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। कन्याओं की शादी के लिए अब दो लाख रुपये सालाना आय वाले भी आवेदन कर सकेंगे। अभी तक इस योजना का लाभ बीपीएल कार्ड धारकों तक सीमित था।
इन ब्लाकों में होंगे विवाह समारोह
समाज कल्याण अधिकारी परितोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस दफा ब्लाकवार समारोह किए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग ने ब्लाक और नगर निगम के खातों में धनराशि जमा करवा दी है।
अकोला, बरौली अहीर व बिचपुरी ब्लाक का बिचपुरी, एत्मादपुर, खंदौली का एत्मादपुर, फतेहाबाद-शमसाबाद का फतेहाबाद, खेरागढ़, सैंया व जगनेर ब्लाक का खेरागढ़, बाह, जैतपुरकलां व पिनाहट का बाह, अछनेरा व फतेहपुरसीकरी का सामूहिक विवाह समारोह अछनेरा में आयोजित किया जाएगा।
ब्लाकों में प्रबंध संबंधित बीडीओ और ग्राम प्रधान देखेंगे। शहर में होने वाले विवाह समारोह का आयोजन स्थल अभी तय नहीं हुआ है।