सोरों के ग्राम सलेमपुर वीवी में खेत मे काम कर रहे एक किशोर को हाईटेंशन लाइन का करंट लग गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। जब परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
मुनेंद्र पुत्र प्रेमपाल निवासी सलेमपुर वीवी खेत में शिवाला काटने के बाद उसे एकत्रित कर तांगे में भर रहा था। खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटा हुआ था, जिसकी उसे जानकारी नहीं थी। अचानक उसका पैर तार पर आ गया जिससे वह झुलस गया।
उसे तपड़ता देखकर आस-पास खेतों पर काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना उसके परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे। किशोर को लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे। तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।