खंदौली। गांव मलूपुर से खंदौली चेकअप कराने जा रही गर्भवती महिला ने सड़क किनारे ही बच्ची को जन्म दिया। सूचना देने पर भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। प्रसव पीड़ा से कराहते देख आसपास की महिलाओं ने आकर उसकी मदद की। साड़ी की आड़ में उसका प्रसव कराया। बाद में एंबुलेंस आने पर महिला को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां बच्ची की हालत खराब देख लेडी लॉयल रेफर कर दिया गया। पर, रास्ते में ही मासूम की मौत हो गई।
मलूपुर निवासी पवन कुमार मजदूर है। पवन की पत्नी अंजली गर्ववती थी। उसने बताया कि बुधवार की सुबह वह पत्नी अंजली को चेकअप कराने खंदौली अस्पताल आ रहा था। ब्लॉक के सामने पहुंचने पर अचानक अंजली को प्रसव पीड़ा होने लगी। पवन ने बताया कि इस पर उसने 108 नंबर पर फोन किया।
कई बार फोन करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं आई। इस बीच अंजली को कराहते देख आसपास की महिलाएं आ गईं। महिलाओं ने साड़ी की ओट लगाकर प्रसव कराया। अंजली ने बच्ची को जन्म दिया। प्रसव होने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस से अंजली और उसकी नवजात बच्ची को खंदौली स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से दोनों को लेडी लॉयल आगरा भेज दिया गया। पर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मामले में स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि महिला ने समय से पूर्व मात्र छह माह की बच्ची को जन्म दिया है। बच्ची की हालत खराब है। उसे अस्पताल में ऑक्सीजन भी दी गई, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर रेफर कर दिया गया।