फिरोजाबाद में थाना रामगढ़ क्षेत्र के गांव चनौरा पुल पर स्लीपर कोच बस गोवंश को बचाने के प्रयास में हाईवे पर पलट गई। हादसे की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा गया। तत्काल राहत कार्य में जुट गया।
कानपुर से अमृतसर जा रही स्लीपर कोच बस रात करीब 10 बजे रामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत चनौरा पुल के पास पहुंची थी तभी बस के सामने गोवंश आ गया। जिसे बचाने के प्रयास में बस चालक ने संतुलन खो दिया और बस असंतुलित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इस बीच आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। हादसे की सूचना पर एसपी सिटी मुकेश चंद्र, सीओ सिटी हरिओम सिंह, थानाध्यक्ष रामगढ़ सर्वेश मिश्रा के साथ अन्य थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस के अंदर फंसे घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायल बलवीर निवासी जालौन, गोविंद निवासी सिकंदरा कानपुर देहात, शौर्य निवासी कानपुर को मेडिकल कॉलेज लाया गया। हालत गंभीर होने के कारण भर्ती कर लिया गया है। बस पलट जाने से शिकोहाबाद से कानपुर जाने से वाला मार्ग भी अवरुद्ध हो गया जिसे पुलिस ने तुरंत खुलवाया। सीओ सिटी हरि मोहन सिंह ने बताया हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हैं। सभी को उपचार के लिए छुट्टी दी गई है।