मुजफ्फरनगर के खतौली में दुर्घटनाग्रस्त हुई कलिंग उत्कल एक्सप्रेस में आगरा से 47 यात्री सवार हुए थे। मथुरा से भी 21 यात्री ट्रेन में सवार हुए थे। हादसे की खबर मिलने के बाद उनके परिवारीजनों का बुरा हाल हो गया।
परिवारीजन ट्रेन में सवार अपने रिश्तेदारों की खैरियत जानने के लिए बेचैन रहे। देर शाम रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए। कई यात्रियों के परिवारीजन आगरा कैंट स्टेशन पर भी जानकारी करने पहुंच गए।
पुरी से हरिद्वार जाने वाली कलिंग उत्कल एक्सप्रेस शाम तकरीबन सात बजे मुजफ्फरनगर के खतौली में दुर्घटनाग्रस्त हुई। छह डिब्बे पटरी से उतरने के हादसे में 60 से अधिक यात्रियों के घायल होने की खबर टीवी चैनलों पर प्रसारित होने के बाद आगरा से सवार हुए यात्रियों के परिवारों की बेचैनी बढ़ गई। परिवारीजनों ने पहले तो मोबाइल पर अपनों से संपर्क किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका, उनकी बेचैनी बढ़ गई।