उत्तर प्रदेश के आगरा में रिश्तेदार ने तंत्र-मंत्र कराकर दंपती से 50 लाख रुपये हड़प लिए। शनिवार को रुपयों के मामले में निपटारे के बहाने बुलाया। कमरे में बंद करके दंपती को लाठी-डंडे से बेरहमी से पीटा। विरोध पर महिला को चाकू मारकर घायल कर दिया। चीख-पुकार पर पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा खोलकर उनकी जान बचाई।
न्यू आगरा के जगनपुर (बसंत बिहार) निवासी प्रमोद कुमार ने बाह पुलिस को बताया कि झाड़े की गढ़ी गांव के रिश्तेदार ने तंत्र-मंत्र कराकर किस्तों में उसके 50 लाख रुपये हड़प लिए। कई बार मांगने पर भी रकम नहीं दी। रिश्तेदार महिला के ससुर ने रुपयों के समाधान के लिए उन्हें बुलाया था।
शनिवार को पूर्वान्ह 11 बजे उन्हें और पत्नी सीमा को कमरे में बंद कर दिया और लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई की। विरोध करने पर सीमा पर चाकू से भी हमला किया। हाथ में चाकू लगने से वह जख्मी हो गई। पिटाई के दौरान चीख पुकार पर पहुंचे आसपास के लोगों ने कमरे के बाहर से बंद दरवाजे को खोलकर उनकी जान बचाई।
पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह पर भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एसएम मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।