आगरा। सिकंदरा फल एवं सब्जी मंडी अंडरपास की सड़क फिर से उखड़ गई। दो महीने के अंदर सड़क चार बार टूट चुकी है और हाईवे अथॉरिटी गिट्टियां डालकर डामर की परत बिछा चुकी है, लेकिन मंगलवार को 50 मीटर का पूरा हिस्सा फिर से उखड़ गया, जिस वजह से गिट्टियां फैल जाने से दो पहिया वाहन सवार फिसलकर गिर रहे हैं। सिकंदरा की तरह ही ग्वालियर रोड हाईवे पर हुए गड्ढों में बाइक सवार गिर गया, जिसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आगरा-मथुरा नेशनल हाईवे पर सिकंदरा फल एवं सब्जी मंडी का अंडरपास तीन साल से लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। जैसे-तैसे लेन पर ट्रैफिक शुरू हो सका, लेकिन महज दो माह के अंदर ही चार बार 50 से 100 मीटर हिस्सा उखड़ चुका है। ट्रकों के निकलने पर न केवल गिट्टियां पूरे हाईवे पर बिखर गईं, बल्कि डामर की पूरी परत हट गई। इससे यहां 6 से 8 इंच गहराई में गड्ढे हो गए, जो तेजी से आते वाहनों के लिए बेहद खतरनाक हो गए हैं।
मंगलवार को दो पहिया वाहन इस पर फिसलकर गिर पड़े, जिससे कई वाहन सवारों को चोटें आई हैं। इसी तरह से ग्वालियर हाईवे पर सेवला से आगे मोटर साइकिल सवार ऐसे ही गड्ढों के कारण दुर्घटना का शिकार हो गया। तेजी से आती मोटरसाइकिल गड्ढों के कारण अनियंत्रित हो गई और फिसलकर गिर गई। युवक के सिर पर चोटें आई हैं। क्षेत्रीय लोगों और अन्य राहगीरों ने बाइक सवार युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
लोगों की जिंदगी दांव पर
नेशनल हाईवे अथॉरिटी हर वाहन से टोल वसूल रहा है तो अनुरक्षण पर खर्च क्यों नहीं करता। लोगों की जिंदगी दांव पर लगी हुई है। हर दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन अथॉरिटी के अधिकारी न गड्ढे भरवा रहे और न ही बिखरी गिट्टियां हटवा रहे हैं। - मनमोहन शर्मा, ग्वालियर रोड
दो बार चोटिल हुई
अरतौनी की फैक्टरी में आने-जाने पर दोनों बार अंडरपास की उखड़ी सड़क से चोटिल हो चुकी हूं। दो महीने से कभी लेन बंद करते हैं तो कभी चालू कर देते हैं। सप्ताह भर भी हाईवे नहीं चल पा रहा। इनके इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती। - प्रेरणा शर्मा, सिकंदरा
जांच कराकर मरम्मत कराई जाएगी
सिकंदरा मंडी के सामने हाईवे की लेन पर डामर और गिट्टियां उखड़ने का मामला गंभीर है। बार बार ऐसा हो रहा है तो इस बार उसकी जांच कराकर मरम्मत कराई जाएगी ताकि फिर ऐसा न हो। कार्यदायी संस्था से कारण पूछेंगे। - सचिन कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई