प्रधानमंत्री को राखी भेजेंगी विधवा माताएं
- फोटो : अमर उजाला
ठाकुर श्री बांकेबिहारी की नगरी के विभिन्न आश्रमों में रहने वाली विधवा माताएं इस साल रक्षाबंधन के त्योहार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी और कान्हा थीम वाले मास्क भेजेंगी। पिछले साल कुछ विधवाएं रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास गई थीं, लेकिन इस बार कोरोना के कारण प्रधानमंत्री को अपने हाथों से राखी बांधने नहीं जा सकेंगी।
वृंदावन के आश्रमों में रह रहीं विधवा माताओं को इस रक्षाबंधन पर प्रधानमंत्री आवास पर जाने का अवसर नहीं मिल पाएगा। इसके चलते उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के तस्वीरों के साथ 501 विशेष राखियां तैयार की हैं। इसी संख्या में विशिष्ट वृंदावन-थीम वाले फेस मास्क भी तैयार किए हैं। यह राखियां मां शारदा और मीरा सागरभग्नि आश्रम में रहने वाली विधवाओं ने तैयार की हैं।
राखियों पर हैं प्रधानमंत्री के फोटो
सुलभ होप फाउंडेशन की उपाध्यक्ष विनीता वर्मा ने बताया कि विधवा माताओं द्वारा बनाई कुछ राखियों पर प्रधानमंत्री मोदी की फोटो भी है। लगभग 75 वर्षीय छबी दासी, जिन्होंने बीते वर्ष अपने हाथों से प्रधानमंत्री मोदी को राखी बांधी थी, इस बार मायूस हैं। हालांकि वो इस बात से खुश हैं कि प्रधानमंत्री मोदी को उनके द्वारा बनाईं राखियां और मास्क भेजे जा रहे हैं। अन्य विधवा मांओं ने अपने हाथों से राखी और मास्क बनाए हैं।