राजस्थान में जाट आंदोलन के चलते ट्रेन प्रभावित होने से परेशान हो रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी रियायत का ऐलान किया है। डीआरएम, आगरा रंजन यादव का कहना है कि जाट आंदोलन का सबसे ज्यादा असर मथुरा से होकर अलवर कोटा जाने वाले रूट पर पड़ा है।
मथुरा स्टेशन पर जिन यात्रियों को टिकट रिफंड कराना है, उनके लिए व्यवस्थाएं की गईं। आगरा फोर्ट, मथुरा जंक्शन समेत कई स्टेशनों पर यात्रियों को खानपान भी निशुल्क दिया गया। वही एआरएम मथुरा अक्षय कुमार का कहना है कि राजस्थान में जाटों द्वारा सड़क मार्ग को ठप कर दिया गया है।
इस कारण मथुरा डिपो की सभी बसें राजस्थान से वापस मंगवा ली हैं। जब तक हालात सुधर नहीं जाएंगे बसों का संचालन नहीं होगा। कुछ बसें जयपुर में फंसी हुईं हैं जिन्हें करौली होकर वापस मंगवाया जा रहा है।
जाट आंदोलन को लेकर मथुरा- राजस्थान बार्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। गोवर्धन-डीग मार्ग, जाजनपट्टी-भरतपुर मार्ग, ओल-राजस्थान और बरसाना-कामां मार्ग पर चेकिंग की जा रही है। इन मार्ग पर आने वाले वाहनों को रोका जा रहा था। खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।