दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय प्रकरण के मामले में लोगों का गुस्सा भड़क रहा है। बाह के जैतपुर में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों और फतेहाबाद के डौकी में यंग स्टार क्लब के लोगों ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका।
जैतपुर में हिंदू जागरण मंच के साथ स्थानीय लोगों ने भी जेएनयू प्रकरण में राहुल गांधी के रवैये की तीखी भर्त्सना की। मंच के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र विरोधी किसी भी गतिविधि को स्वीकार न करने का एलान किया। उन्होंने कहा कि आतंकियों के समर्थन में हुई नारेबाजी के बाद छात्रों की गिरफ्तारी का राहुल गांधी ने विरोध किया। यह किसी भी स्थिति में बर्दाश्त के लायक नहीं है। जिला उपाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह राजावत ने कहा कि राष्ट्र विरोधी किसी भी कृत्य का हिंदू जागरण मंच विरोध करेगा। आतंकी गतिविधियां और आतंकियों का समर्थन करने वाले लोगों को सहन नहीं किया जाएगा। इस दौरान लोगों ने राहुल गांधी खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में चौराहे पर पुतला फूंका गया। पुतला फूंकने वालों में अनुज मिश्रा, ऋषि भदौरिया, कुलदीप राठौर, अमित विधौलिया, अशोक शर्मा, अंकित, दीपू आदि मौजूद रहे।
वहीं, फतेहाबाद के डौकी में सियाचिन के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद यंग स्टार क्लब ने जेएनयू में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों की निंदा की। कृष्णा सिंह, विक्रम सिंह, राहुल कुमार, दिलीप, धर्मेंद्र, महताब, पप्पू प्रधान, बजरंग दल कार्यकर्ता तुषार सिंह, मोहित सिंह ने पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।