जवाहर पुल पर रोलर बियरिंग फिट करने के काम के कारण सोमवार को आवागमन पूरी तरह से बंद रखा गया। इससे ट्रांसयमुना से लेकर रामबाग तक जाम लगा रहा, वहीं वाहनों को अंबेडकर पुल पर डायवर्ट करने से पूरे दिन यह जाम रहा। हजारों लोग अंबेडकर पुल पर जाम से फंसे रहे।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) जवाहर पुल के काम को बेहद धीमी गति से कर रहा है। मरम्मत की धीमी रफ्तार के कारण पूरा शहर जाम झेल रहा है। एनएचएआई की तकनीकी टीम ने सोमवार को जवाहर पुल पर रोलर बियरिंग फिट करने का काम किया। बियरिंग लगाने के लिए पुल को लिफ्ट किया गया। इसके लिए ट्रैफिक को रोका गया था। वाटर वर्क्स आने वाले ट्रैफिक को अंबेडकर पुल होकर गुजारा गया। छोटे और हल्के वाहनों के भी बंद होने से रामबाग पर जाम लग गया, वहीं नुनिहाई से अंबेडकर पुल की ओर ट्रैफिक डायवर्जन होने से पुल और यमुना किनारा रोड पूरी तरह से जाम हो गया। एनएचएआई विशेषज्ञों के मुताबिक जवाहर पुल में तीसरे चरण में बियरिंग लगाने के बाद टेस्टिंग की जाएगी। बियरिंग लगाने का काम अभी बाकी है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर के मुताबिक फरवरी के अंत तक पुल की मरम्मत का काम पूरा हो जाएगा।