हालांकि परिजनों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका बेटा तनाव में था, इसीलिए फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक अल्ताफ के पिता चांद मियां ने पुलिस को यह लिखकर दिया कि वह नगला सैय्यद अहरौली के रहने वाले हैं। बीती 9 नवंबर को बेटा अल्ताफ को एक मुकदमे में पूछताछ के संबंध में थाना कासगंज पुलिस लेकर गई थी। जहां मेरा बेटा तनाव में था और उसने फांसी लगा ली। बेटे को पुलिसकर्मी इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पिता ने पुलिस को बताया है कि घटना के बाद से वह बेहद परेशान थे, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट हुई है कि उनके बेटे ने आत्महत्या की है। पिता के द्वारा दिए गए पत्र की पुष्टि एसपी रोहन प्रमोद बौत्रे ने की।
पिता के पत्र ने दिए सभी सवालों के उत्तर
मंगलवार देर रात तक परिजनों द्वारा पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा था। तरह-तरह के सवार उठ रहे थे, लेकिन अब पिता के ही पत्र ने सभी सवालों के उत्तर दे दिए हैं। जिससे अब पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।
मंगलवार को सायं सदर कोतवाली में हवालात में आरोपी द्वारा फांसी लगाये जाने की घटना की प्रशासन जांच कराएगा। डीएम ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। पटियाली एसडीएम को जांच अधिकारी नामित किया है। डीएम ने परिजनों को पूरा भरोसा दिया है कि उनकी हर संभव मदद की जायेगी। डीएम ने यह भी भरोसा दिया है कि प्रयास किया जाएगा कि योग्यता के आधार पर परिवार के सदस्य को किसी विभाग में संविदा पर नौकरी दी जाए।
पोस्टमार्टम में आत्महत्या ही निकला कारण
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि युवक ने रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या की। रिपोर्ट में हैंगिंग स्पष्ट हुई है।
हवालात में मौत का मामला: पिता ने पुलिस को दिया बयान, कहा-तानव में था मेरा बेटा इसलिए कर ली आत्महत्या