प्रतापगढ़ का गिरोह आगरा में एटीएम में गड़बड़ी कर लोगों के खाते साफ कर रहा था। हाथरस मार्ग पर लगे एटीएम में दो आरोपियों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। उन्हें पुलिस के हवाले किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी एटीएम की कैश विंडो को धातु की पत्ती लगाकर बंद कर देते थे। ग्राहकों के रुपये निकालने पर रकम बाहर नहीं आती थी। आरोपी मदद के बहाने जाते थे। ग्राहक के वापस जाने पर पत्ती हटाकर रकम निकाल लेते थे।
विज्ञापन
हाथरस मार्ग पर भाटिया पेट्रोल पंप के पास रहने वाले धर्मेश कुमार ने बताया कि घर के पास निजी कंपनी के दो एटीएम लगे हैं। इनका संचालन शोभा नगर निवासी प्रवेंद्र करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह 8 बजे एक कार में कुछ युवक एटीएम पर पहुंचे। उन्होंने एक एटीएम में गड़बड़ी की। बाद में दूसरे पर पहुंचे।
मोबाइल पर सीसीटीवी कैमरों के ऑनलाइन फुटेज देख रहे प्रवेंद्र को हरकत का पता चल गया। कार से आने वाले आरोपी किसी व्यक्ति के रुपये निकालने के लिए आने का इंतजार करने लगे। उधर, जानकारी पर दुकान स्वामी सहित अन्य लोग पहुंच गए। तभी एक एटीएम से एक युवक ने 4400 रुपये निकाले। मगर, कैश विंडो बंद होने की वजह से रकम बाहर नहीं आई। तभी आरोपी युवक मदद के बहाने धोखाधड़ी करने पहुंच गए। पीछे आए लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। उन्होंने मशीन की कैश विंडो पर एक पत्ती लगाकर बंद कर दिया था। लोगों ने कैश विंडो से पत्ती हटाई तो रुपये बाहर आ गए। लोगों ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बिना गार्ड वाले एटीएम पर निशाना
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि गांव नौवस्ता, थाना जिठवारा, प्रतापगढ़ निवासी ब्रजभान और हंजापुर, पूरनपुर, थाना लीलापुर, प्रतापगढ़ निवासी श्याम शंकर को गिरफ्तार किया है। उनसे कार, 8 डेबिट कार्ड, 2 आधार, 2 कटर चाकू, 15 प्लास्टिक की पत्ती, 1 नेल कटर, लाल टेप, 2 टूटे हुए ब्लेड, 1 फेवीक्विक, 1 चाबी, 4 मोबाइल, 1 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
कार्ड बदलने का भी करते काम
आरोपी मदद के बहाने कार्ड भी बदल देते हैं। आरोपी ब्रजभान और श्याम शंकर ने बताया कि वह सुनसान इलाके के बिना गार्ड वाले एटीएम में कार से जाते हैं। पहले बाहर नजर रखते हैं। इसके बाद एक व्यक्ति अंदर जाता है। मशीन में कैश निकलने वाली जगह पर प्लास्टिक की पत्ती लगा देते हैं। बुजुर्ग और महिलाओं के आने पर मदद का झांसा देते हैं। इस दौरान पिन देख लेते हैं। दोनों साथी बातों में लेकर डेबिट कार्ड भी बदल देते हैं। कार्ड धारक के जाने के बाद खाते से रकम निकाल लेते हैं।
यहां कीं वारदात
इससे पहले 7 जून को 100 फुटा रोड स्थित एक एटीएम में आए अयोध्या प्रसाद का कार्ड बदलकर 40 हजार रुपये निकाले गए थे। इसके बाद 14 जुलाई को भगवती बाग निवासी कुवंरजी लाल शर्मा के साथ घटना हुई थी। 20 जुलाई को राधा नगर निवासी रघुवीर प्रसाद का कार्ड बदलकर रकम निकाल ली गई थी। 21 जुलाई को भी कार्ड बदलकर रामबाग स्थित एटीएम से 10 हजार रुपये निकाल लिए थे।