कासगंज। पटियाली के भरगैन में महिला को जहर देकर मारने के मामले में नया मोड़ आ गया है। जिलाधिकारी ने पुलिस द्वारा मांगी गई अनुमति पर संस्तुति दी है कि शव को कब्र से निकालकर उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। एसपी ने इस मामले की जांच कोतवाली को सौंपी है।
गुजरात निवासी फातिमा शहनमा पुत्री एजाज की शादी 12 अगस्त 2014 को फिदा हुसैन पुत्र छिद्दा खां के साथ हुई। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज की खातिर उसका उत्पीड़न करने लगे। 2 नवंबर 2020 को ससुरालीजनों ने उसकी जहर देकर हत्या कर दी और शव को दफना दिया। जब उसके मायके पक्ष के लोग भरगैन पहुंचे तो महिला के दोनों बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया। उस वक्त पुलिस ने शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की थी।
इसके बाद पीड़ित परिवार ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 6 फरवरी 21 को पति फिदा हुुसैन, ससुर छिद्दा खां, सास आमना, ननद फातिमा, आरिफ खां के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। मृतका की मां नजमा वानो ने जिलाधिकारी सीपी सिंह से मिलकर फातिमा के शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग रखी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दे दी।
इस संबंध में एसपी मनोज सोनकर ने कोतवाली पुलिस को दिशा-निर्देश जारी कर दिए। पटियाली थाना प्रभारी वीपी सिंह ने बताया कि महिला के शव को जल्द ही मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।