सोरों(कासगंज)। प्रदेश की योगी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर विकास खंड पर सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को गिनाया गया। वहीं विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस दौरान सदर विधायक ने पर्यटक आवास गृह पर सूकर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य के शिलापट का अनावरण कर कार्यों का शुभारंभ किया।
सदर विधायक देवेंद्र राजपूत ने कहा कि सरकार की विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, सीएम आवास योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, पंचायत भवन, दिव्यांग शौचालय तमाम कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। इनका लाभ लोगों को मिल रहा है।
कोरोना काल में भी निशुल्क राशन का वितरण किया गया। वहीं जिले में सड़कों, विद्युतीकरण, आवास, पेयजल व्यवस्था, बूढ़ी गंगा जीर्णोद्धार सहित अन्य विकास कार्य किये गये। एसडीएम ललित कुमार, पालिकाध्यक्ष मुन्नीदेवी, बीडीओ सुनील कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सचिन सहित अन्य अधिकारियों ने भी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
वहीं तीर्थनगरी के हरि की पैड़ी किनारे स्थित पर्यटक आवास गृह पर सदर विधायक ने 48.10 लाख रुपये से किये जाने वाले शूकरक्षेत्र सोरों के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास कार्यों के शिलापट का अनावरण किया। पालिकाध्यक्ष मुन्नीदेवी ने स्वीकृत 15 करोड़ की धनराशि को शीघ्र अवमुक्त कराने की मांग रखी।
इस दौरान भाजपा जिला मंत्री कृष्णकांत वशिष्ठ, ईओ संतराम सरोज, रामेश्वर दयाल महेरे, संपूर्णानंद भारद्वाज, संजय दुबे, आदित्य दुबे, हेमेंद्र शर्मा, वेद प्रकाश, श्रीकांत तिवारी, मनोज गुप्ता, योगेश चौधरी, यशोधर रावत, राहुल पाठक, लटूरी शर्मा, कैलाश मिश्र, अनुराग तिवारी, गंगेश तिवारी, नीरज रावत आदि मौजूद रहे।