आगरा। चोरी छिपे प्रतिबंधित पॉलिथीन, प्लास्टिक के गिलास और थर्माकोल की प्लेट बेच रहे दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बुधवार को कार्रवाई की। शमसाबाद रोड पर तीन दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम ने 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इनके पास से आठ किलो से ज्यादा प्रतिबंधित प्लास्टिक, पॉलिथीन और थर्माकोल जब्त किए गए।
नगर निगम प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एके सिंह (रिटायर्ड) के नेतृत्व में शमसाबाद रोड स्थित दुकान ओमप्रकाश जनरल स्टोर, बन्नी जनरल स्टोर और मनोज सैतिया जनरल स्टोर पर छापा मारा गया, जिसमें 7.200 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन, 250 ग्राम थर्माकोल, 1 किलो प्लास्टिक के गिलास बरामद किए गए। नगर निगम टीम ने प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर लिया और तीनों दुकानदारों से कुल 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस कार्रवाई के दौरान सेनेटरी इंस्पेक्टर अमान शाहिद और राघवेंद्र सिंह मौजूद रहे।