आगरा में पुलिस ने दवा माफिया को सात घंटे के लिए रिमांड पर लिया। इस दौरान पूछताछ में उसने कई राज उगले। साथ ही खंडहर से लाखों की नकली दवाएं बरामद करवाईं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
ताजनगरी आगरा के बिचपुरी और सिकंदरा में नकली दवाओं की फैक्टरी चलाने वाले विजय गोयल को पुलिस ने मंगलवार को रिमांड पर लिया। सांत घंटे की पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर दो लाख रुपये की दवाएं बरामद की गईं। पुलिस का दावा है कि दवाएं खंडहर भवन में छिपाई थीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दवाओं के नमूने भी लिए हैं।
विज्ञापन
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस ने आठ जुलाई को बिचपुरी और सिकंदरा क्षेत्र में नकली दवा की फैक्टरी पकड़ी थीं। एक में नींद की गोलियां तो दूसरी में सिरप बनाए जा रहे थे। मामले में दो मुकदमे दर्ज किए गए। थाना सिकंदरा में दर्ज मुकदमे में तीन और जगदीशपुरा में दर्ज मुकदमे में चार आरोपियों को नामजद किया गया। सात आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। सरगना विजय गोयल फरार था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में दबिश का दावा कर रही थी। मगर, उसने 21 जुलाई को कोर्ट में समर्पण कर दिया था।
पुलिस ने आरोपी सरगना को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि मंगलवार सुबह दस से शाम पांच बजे तक की रिमांड मिली थी। इस पर पुलिस जेल से आरोपी को लेकर आई। पूछताछ की गई। इसके बाद उसके बताए स्थान पर पहुंची। एक खंडहर भवन से दवाओं के बंडल मिले। इस दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी रहीं। दवाओं को जब्त कर लिया गया।
सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि बिचपुरी में मिली दवाओं के तीन नमूने लिए गए हैं। वहीं दो लाख रुपये की दवाएं बरामद की गई हैं। इनमें दो तरह के कोडीन सिरप और अल्प्राजोलम दवा शामिल हैं। इनको जब्त कर लिया गया है।