कासगंज। राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। कई मार्गों से रूट डायवर्ट कर वाहन निकाले जा रहे थे तो कुछ मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित थी। बैरियरों पर पुलिस आने जाने वालों से पूछताछ कर रही थी।
सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए गए थे। एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे राज्यपाल के साथ कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। एएसपी को भ्रमणशील रखा गया था। सीओ सिटी आरके तिवारी यातायात व्यवस्था की कमान सोरों में संभाले रहे जबकि हैलीपेड पर सीओ सहावर शैलेंद्र परिहार और सीओ पटियाली दीप कुमार पंत तैनात थे। जिले भर के थाना प्रभारियों की कार्यक्रम स्थल पर ड्यूटियां लगी हुईं थीं। गोरहा बाईपास से बड़े वाहनों को प्रवेश नहीं दिया गया जबकि गोरहा नहर से छोटे वाहनों को रुट डायवर्ट कर निकाला जा रहा था। कार्यक्रम से जुड़े वाहनों को ही सोरों की ओर प्रवेश दिया जा रहा था। इसी तरह नगरिया पर बड़े वाहनों को रोक दिया गया। सोरों में हरिपदी गंगा से मुख्य बाजार की ओर आने वाले मार्ग प्रतिबंधित था।