UP News: आगरा में पड़ोसी दुकानदार से झगड़ा होने पर युवक ने धौंस जमाने के लिए पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी दुकान पर काम के दौरान पाकिस्तान समर्थित नारे लगा रहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस इसकी तलाश कर रही थी।
वीडियो हुआ था वायरल
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक युवक पाकिस्तान समर्थित नारे लगाते हुए सुना जा सकता है। यह वीडियो आगरा का होने की पुष्टि हुई। इस पर कमिश्नरेट पुलिस सक्रिय हो गई और युवक की तलाश में जुट गई।
मंगलवार को पुलिस को सफलता मिली। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि यह वीडियो ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित सेल्फी प्वाइंट पर बनाया गया था। पकड़ा गया युवक सेल्फी प्वाइंट पर जूते बेचता है। बताया कि पड़ोसी दुकानदार से झगड़ा होने पर उसने पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए थे।