आगरा। पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के पाइप बिछाने के लिए ग्रीन गैस कंपनी ने दयालबाग में गंगाजल की पाइपलाइन को तोड़ दिया और उसके अंदर से गैस के पाइप बिछा दिए। ग्रीन गैस की यह कारगुजारी जलनिगम द्वारा लीक लाइन ठीक करने के दौरान सामने आई। दयालबाग क्षेत्र में कई किमी तक की गंगाजल लाइनें गैस लाइन बिछाने के काम में क्षतिग्रस्त कर दी गई हैं। जलनिगम लॉयर्स कॉलोनी से पानी की बड़ी पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर रहा है, लेकिन पहले से बिछी इन लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से एक बार फिर दयालबाग को पानी मिलने में मुश्किल आ सकती है।
नगला हवेली और दयालबाग की 34 कॉलोनियों में गंगाजल की आपूर्ति के लिए लॉयर्स कॉलोनी टंकी से पाइपलाइन बिछाने के लिए कवायद शुरू होते ही नई बाधा सामने आ गई। दयालबाग की 34 कॉलोनियों में गंगाजल की लाइनें तो पहले से ही बिछ गई और लोगों के घरों में कनेक्शन भी हो चुके थे लेकिन जलकल विभाग की मुख्य लाइनों से कनेक्शन न होने की वजह से वहां पानी नहीं मिल रहा था।
इस बीच ग्रीन गैस कंपनी ने दयालबाग क्षेत्र में पीएनजी की लाइन बिछाने के दौरान गंगाजल की लाइनों को तोड़ दिया। नगला हवेली के पास मंगलवार को जलनिगम ने लीक लाइन की खोदाई करके देखा तो इंजीनियर सन्न रह गए। गंगाजल की लाइन में पीएनजी की लाइन बिछी हुई थी और पाइप तोड़ दिए गए थे। भूमिगत ड्रिलिंग से ग्रीन गैस ने यहां पाइप बिछाए हैं। पाइपलाइन टूटी मिलने के बाद जलनिगम ने यहां काम बंद कर दिया।
कंपनी से वसूलें पूरी लागत
हम लोग तीन साल से गंगाजल के लिए परेशान हैं। ग्रीन गैस कंपनी ने गंगाजल की लाइनों को पूरी तरह से खोदकर खराब कर दिया है। गैस के पाइप इन लाइनों में डाल दिए हैं। कंपनी से पाइपलाइन की पूरी लागत वसूली जानी चाहिए। - सौरभ चौधरी, दयालबाग
पानी की उम्मीद तोड़ी
अब जब पानी के लिए उम्मीदें बंध रही थीं, तब हमारी गंगाजल की लाइनों को गैस के लिए खोदकर बर्बाद कर दिया गया है। अब टंकी से नई लाइन बिछ जाएगी, पर घरों तक ऐसे तोड़ी गई पाइप लाइनों से पानी कैसे आ पाएगा। पता नहीं, कहां- कहां ग्रीन गैस ने नुकसान किया है। - अतुल कुलश्रेष्ठ, दयालबाग
शिफ्ट कराएंगे लाइन
मेरे पास कोई आधिकारिक शिकायत अभी नहीं आई है। जिस जगह पर पाइपलाइन के अंदर गैस लाइन बिछाई है, वहां से लाइन शिफ्ट करा देंगे। इस बारे में जलनिगम से वार्ता कर लेंगे। - विमल कुमार, पीआरओ, ग्रीन गैस लिमिटेड