सवा सौ साल पुरानी पानी की मुख्य पाइप लाइन फिर दगा दे गई। जीवनी मंडी रोड पर लीक होने की वजह से पुराने शहर में पानी सप्लाई तो बाधित रही ही, मरम्मत कार्य की वजह से यातायात भी प्रभावित रहा। कई घंटों की मशक्कत के बाद लीकेज ठीक हो पाई।
मंगलवार को जीवनी मंडी वाटर वर्क्स की 28 इंच की पाइप लाइन काली मंदिर के सामने लीक हो गई। जर्जर हो चुके पाइप पानी का प्रेशर नहीं झेल पाए। इसकी वजह से सड़क पर ही पानी बहने लगा। चेंबर भी टूट गया। देर शाम तक लीकेज ठीक कर दी गई। मगर, जीवनी मंडी, पीपल मंडी, दरेसी, काला महल, गुदड़ी मंसूर खां, छिपीटोला, रावतपाड़ा, बेलनगंज, रकाबगंज, बालूगंज आदि क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी।