जिला बदर के घर पर जानकारी देते थानाध्यक्ष दन्नाहार
मैनपुरी। जिलाधिकारी के आदेश के बाद थाना दन्नाहार पुलिस ने सोमवार को नगला तारा निवासी जिला बदर को जनपद की सीमा को बाहर भेजा। उसे चेतावनी दी गई कि 6 माह तक अगर जनपद की सीमा में नजर आया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक थाना दन्नाहार चंद्रपाल सिंह ने बताया कि नगला तारा निवासी सचिन कुमार के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत जिलाधिकारी ने जिला बदर की कार्रवाई के आदेश दिए थे। उक्त आदेश 26 अक्तूबर को जारी किए गए थे। आदेश का पालन करते हुए सोमवार को आरोपी के घर पहुंच कर उसे तड़ीपार किए जाने की कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। बैंड बाजे के साथ मुनादी कराते हुए आरोपी को जिले की सीमा से बाहर भेजा गया है। जिला बदर को कड़ी हिदायत दी है कि यदि जिला बदर की निर्धारित 6 माह की अवधि के दौरान वह जनपद की सीमा में नजर आया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगला तारा में कार्रवाई के दौरान ग्रामीण मौजूद रहे।