मैनपुरी। शहर के नगला रते के रहने वाले एक युवक को नामजद लोग अगवा कर ले गए। इसके बाद पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। किसी तरह से चंगुल से छूट कर आए पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के नगला रते का रहने वाला राजकुमार परौंख निवासी एक व्यक्ति की गाड़ी चलाते हैं। 25 दिसंबर की दोपहर भाभी के मायके का रहने वाला श्रवण कुमार निवासी गांव मदनापुर थाना कमालगंज फतेहगढ़ उसके पास आया। बहाने से अपने साथियों आकाश निवासी बेला मूसाअर बदायूं और सोनू निवासी नवाहरी कादर चौक बदायूं के साथ गाड़ी से एटा ले गए। वहां से उसे दूसरी गाड़ी से नोएडा ले जाया गया। वहां एक किराए के कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। श्रवण ने कहा कि जब तक तुम्हें नहीं छोड़ेंगे जब तक अपनी भाभी से पांच लाख रुपये लाकर नहीं दोगे। नामजद लोगों ने राजकुमार की पिटाई भी की। बुधवार को वह किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंचा। उसने कोतवाली में नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।